गंजारी इंटरनेशनल स्टेडियम को लेकर बड़ी तैयारी: सड़कों का होगा चौड़ीकरण, भूमि अर्जन प्रक्रिया शुरू
वाराणसी। काशी में रिंग रोड के किनारे गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष के अंत तक स्टेडियम के निर्माण का कार्य पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद अगले वर्ष की शुरुआत में यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के आने से यातायात पर पड़ने वाले दबाव को देखते हुए सरकार ने स्टेडियम तक जाने वाली प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में दो महत्वपूर्ण मार्गों के लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण द्वारा पारदर्शी तरीके से उचित मुआवजा देने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही इस परियोजना के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव का भी विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा।
पहले चरण में हरसोस-सूईचक-गंगापुर मार्ग के चैनेज 3.030 तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए राजातालाब तहसील के हरसोस, गंजारी, सूईचक और टेकीकहार गांवों से कुल 3.0154 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
वहीं दूसरी सड़क लहरतारा-कोटवा-कोरउत-परमपुर-अकेलवा मार्ग है, जहां चैनेज 12.00 से 14.500 तक चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इसके लिए रामरायपुर, दयापुर, चकदीहराम, टेकीकहार और सूईचक गांवों से 0.5232 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, भूमि अर्जन की प्रक्रिया सहमति और आपसी समझौते के आधार पर पूरी की जाएगी। इस परियोजना के सामाजिक प्रभाव का अध्ययन रांची की संस्था एटलस मैनेजमेंट कंसल्टिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।