{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर काशी में बड़ा कार्यक्रम, CM योगी कल आएंगे वाराणसी, लाभार्थियों से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल पूरे होने पर 12 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी आएंगे। गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित कार्यक्रम में वह विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे और कई विभागों के स्टॉल तथा स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ करेंगे।

 

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वाराणसी में एक विशेष जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जून को वाराणसी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में भाग लेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लोगों से संवाद करेंगे।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में कई जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को एक मंच पर लाया जाएगा और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

इन योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे मुख्यमंत्री

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री योजनाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और उनकी जरूरतों की जानकारी भी लेंगे।

ओडीओपी उत्पादों की भी होगी खास प्रदर्शनी

कार्यक्रम में एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत वाराणसी की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी जैसे काशी के पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कई विभाग लगाएंगे स्टॉल

जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और मौके पर ही लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पर्यटन विभाग, नेडा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, हथकरघा विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सेवायोजन विभाग, कौशल विकास मिशन, पंचायती राज विभाग, मत्स्य विभाग तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग शामिल हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं की भी रहेगी विशेष व्यवस्था

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, सामान्य ओपीडी, आयुष्मान कार्ड पंजीकरण समेत कई स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांगजनों के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात रहेगी, जिससे उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक चिकित्सीय प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए जा सकें।

लाभार्थियों और आम जनता के लिए होगा विशेष आयोजन

प्रशासन का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा लोगों को योजनाओं से सीधे जोड़ना है।