बिस्मिल्लाह खाँ का पुश्तैनी घर बचाने की मांग, काशी के डिवाइडरों पर लगे ‘कमल’ पर कांग्रेस की आपत्ति
वाराणसी। महानगर कांग्रेस और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ के पुश्तैनी मकान के संरक्षण और उनके परिवार की आजीविका के लिए जिला प्रशासन से मदद मांगी है। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में शहर के डिवाइडरों पर लगी कमल की आकृतियों पर भी आपत्ति जताई गई है।
ज्ञापन के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने सराय हड़हा स्थित मकान का दौरा कर उस्ताद के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मकान को जर्जर बताया और कहा कि परिवार आजीविका की मुश्किलों का सामना कर रहा है। कांग्रेस और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मकान के संरक्षण और परिवार की मदद के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। वहीं, वाराणसी विकास प्राधिकरण पहले स्पष्ट कर चुका है कि परिवार मकान का नवीनीकरण करा रहा है। परिजनों ने पुनर्निर्माण के बाद इसी जगह संग्रहालय बनाने की बात कही है।
डिवाइडरों पर लगी लाइटों को लेकर कांग्रेस का कहना है कि कमल भाजपा का चुनाव चिह्न भी है, इसलिए सार्वजनिक सड़कों पर लगी कमल की आकृतियां हटाई जाएं। ज्ञापन में काशी की सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप डमरू और त्रिशूल को प्रमुखता देने की मांग की गई है। साजन तिराहा समेत कई जगहों पर लगे खंभों में डमरू और त्रिशूल की आकृतियां पहले से हैं और उनके ऊपर कमल लगा है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि कमल को राष्ट्रीय पुष्प के रूप में शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगाया गया है।