BJP के नए काशी प्रभारी रमेश सिंह आज आएंगे वाराणसी, 16 जिलों के पदाधिकारियों संग करेंगे मंथन
वाराणसी: उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह मंगलवार को वाराणसी पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ से वाराणसी तक यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं।
रमेश सिंह वाराणसी के सर्किट हाउस में दिनभर तीन महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। इन बैठकों में काशी क्षेत्र के संगठनात्मक जिलों से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर चर्चा होगी।
16 संगठनात्मक जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक
रमेश सिंह की पहली बैठक दोपहर एक बजे प्रस्तावित है। इसमें काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष शामिल होंगे।
इसके अलावा काशी क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्र पदाधिकारी, भाजपा के सातों मोर्चों के क्षेत्र अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की भी बैठक में मौजूदगी रहेगी।
वाराणसी महानगर और जिले के पदाधिकारियों संग दूसरी बैठक
दूसरी बैठक दोपहर तीन बजे होगी। इसमें वाराणसी महानगर और जिले के सभी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। भाजपा के सातों मोर्चों के महानगर और जिलाध्यक्षों के साथ जिले और महानगर के कुल 33 मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी भी बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
तिरंगा यात्रा की तैयारियों की होगी समीक्षा
रमेश सिंह की तीसरी बैठक शाम पांच बजे होगी। इसमें 13 अगस्त को जिले में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों से यात्रा की तैयारियों और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली जाएगी। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के मुताबिक, रमेश सिंह के वाराणसी आगमन को लेकर यात्रा मार्ग पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। कार्यकर्ताओं की ओर से जगह-जगह होर्डिंग्स भी लगाए जा रहे हैं।
बाबा विश्वनाथ का करेंगे दर्शन-पूजन
संगठनात्मक बैठकों के बाद रमेश सिंह शाम को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। उनके वाराणसी दौरे को संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।