{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का मेगा कार्यक्रम, जगतपुर में जनसभा को करेंगे संबोधित, CM योगी-हिमंत बिस्वा भी रहेंगे मौजूद

 

वाराणसी में भाजपा की ओर से बुधवार, 7 अक्टूबर को कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक सफर के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘बाइक सेवा यात्रा’ काशी पहुंचेगी। इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ का विशेष जलाभिषेक और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की काशी में पहली बड़ी जनसभा भी होगी।

मंगलवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बुधवार को होने वाले कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा साझा की।


10 से ज्यादा राज्यों के कार्यकर्ता यात्रा में शामिल

भाजपा नेताओं के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘बाइक सेवा यात्रा’ का आयोजन किया गया है। इस यात्रा में 10 से अधिक राज्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और रक्तदान जैसे सेवा कार्य भी किए।

बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे बाइक यात्री अपने-अपने होटलों से निकलेंगे और 9 बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। यहां प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उनका अंगवस्त्र, तिलक, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन करेंगे।

सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच विश्वविद्यालय परिसर में लगी विशाल एलईडी स्क्रीन पर दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा।


51 बहनें लेकर चलेंगी पावन नदियों का जल

इसके बाद मैदागिन चौराहे से बाबा विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 तक सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 51 महिलाएं गुजरात समेत देश की विभिन्न पवित्र नदियों और गंगाजल से भरे कलश लेकर आगे चलेंगी।

शोभायात्रा में बाइकर्स, मंत्री, विधायक, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और श्रद्धालु भी शामिल होंगे। इसके बाद बाबा विश्वनाथ मंदिर में करीब एक घंटे तक विशेष पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक किया जाएगा।

जलाभिषेक के बाद दोपहर 1:15 बजे से 2:30 बजे तक गोकुल धाम में भोजन की व्यवस्था रहेगी।


50 हजार लोगों की जनसभा का दावा

दोपहर 2:30 बजे गोकुल धाम के सामने स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के विशाल परिसर में जनसभा शुरू होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन की काशी में यह पहली बड़ी जनसभा होगी।

जनसभा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। भाजपा की ओर से जनसभा में करीब

50 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। सभा स्थल और शहर के प्रमुख मार्गों को झंडों, बैनरों और तोरण द्वारों से सजाया गया है। बाइक सेवा यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए सभा स्थल पर अलग से VIP दीर्घा भी बनाई गई है।

संगठन को मजबूत करने के लिए होंगी 8 बैठकें

\

नितिन नवीन के काशी प्रवास के दौरान 7 और 8 अक्टूबर को संगठन से जुड़ी कुल आठ उच्चस्तरीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें सांसद, विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि और क्षेत्र व जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। वहीं, 7 अक्टूबर के कार्यक्रम पूरे होने के बाद 8 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे बाइक सेवा यात्रा में शामिल कार्यकर्ता काशी से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे।

प्रेस वार्ता में महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पांडेय, सह संयोजक विकास बागी, क्षेत्रीय मीडिया संयोजक मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर और शैलेंद्र मिश्रा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।