{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में तिरंगा यात्रा को लेकर BJP का मेगा प्लान, मंत्री-विधायक और महापौर के साथ बनी रणनीति

वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने आगामी तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए महत्वपूर्ण बैठक की। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में मंत्री, विधायक, महापौर और जनप्रतिनिधियों ने यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे जनभागीदारी और राष्ट्रभक्ति का महाअभियान बनाने का संकल्प लिया।

 

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर इकाई ने आगामी तिरंगा यात्रा को भव्य, ऐतिहासिक और जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की। इसमें मंत्री, विधायक, महापौर, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर बनी विस्तृत रणनीति

बैठक में तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनसंपर्क अभियान और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को यात्रा से जोड़ने का निर्णय लिया।

'तिरंगा राष्ट्र की एकता और गौरव का प्रतीक' : प्रदीप अग्रहरि

बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि काशी की पावन धरती से निकलने वाली तिरंगा यात्रा देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करेगी तथा समाज में राष्ट्रीय चेतना का संदेश पहुंचाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे घर-घर संपर्क कर लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़ें, ताकि यह कार्यक्रम जन-जन का उत्सव बन सके।

यात्रा संयोजक ने साझा की तैयारियों की रूपरेखा

तिरंगा यात्रा के महानगर संयोजक मधुकर चित्रांश ने यात्रा की तैयारियों, प्रस्तावित कार्यक्रमों और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आयोजन की जिम्मेदारियों का भी विभाजन किया।

बैठक में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', महापौर अशोक कुमार तिवारी, प्रदेश राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक धर्मेंद्र सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, सुरेंद्र पटेल, नवीन कपूर, अशोक पटेल, राहुल सिंह, संजय सोनकर, डॉ. सुजीत सिंह, संजय सिंह, अदिति सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का संदेश देगी यात्रा

बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि आगामी तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और व्यापक जनभागीदारी का भव्य उत्सव बनाया जाएगा। भाजपा महानगर इकाई ने इसे काशी की सबसे यादगार राष्ट्रभक्ति यात्राओं में शामिल करने का लक्ष्य तय किया है।