{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में BJP का 'मतदाता जोड़ो अभियान-2026' शुरू, हर बूथ पर 100 नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य

 

वाराणसी:  लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदाता सूची को दुरुस्त करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महानगर ने 'मतदाता जोड़ो अभियान-2026' की शुरुआत की है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले इस एक महीने के अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ ही महिलाओं और युवाओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेंगे। पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस संबंध में सोमवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और आगामी रणनीति की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद वंदे मातरम् गान के साथ हुई।

ऑनलाइन फॉर्म-6 के जरिए पंजीकरण पर जोर

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला एवं महानगर प्रभारी और विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने कहा कि नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-6 के इस्तेमाल को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया में कई स्तरों से गुजरना पड़ता है, जिससे फॉर्म स्वीकृत होने की दर प्रभावित होती है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अगले दो दिनों में स्वयं एक ऑनलाइन और एक ऑफलाइन फॉर्म-6 भरकर प्रक्रिया को समझें। इसके अलावा आवंटित बूथों पर अगले 10 दिनों में 200 से 250 परिवारों तक पहुंचने और 30 से 40 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। मतदाता सूची में दोहरे नामों और स्थानीय निकाय व विधानसभा मतदाता सूची के अंतर को दूर करने के लिए निर्वाचन आयोग के ECINET पोर्टल का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।

महिलाओं और युवाओं को जोड़ने पर विशेष फोकस

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि अभियान के दौरान नए मतदाताओं, खासकर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग तारीखों पर जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि 19 और 20 नवंबर को विधानसभा स्तर पर कार्यशालाएं होंगी। वहीं 21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ को सहयोग दिया जाएगा और बीएलए-2 की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा की जाएगी।

इसके अलावा 22, 23 और 24 नवंबर को सभी बूथों पर पदाधिकारियों की मौजूदगी में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मोर्चा के नेतृत्व में महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान होगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, बीसी सखी और स्वयं सहायता समूहों का सहयोग लिया जाएगा।

बूथ स्तर पर होगी रोजाना समीक्षा

अभियान की निगरानी के लिए भाजपा के आईटी विभाग को शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर रोजाना समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही मंडल प्रभारियों को अगले तीन महीने तक विस्तारक के रूप में काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें प्रतिदिन सुबह 11 से 12 बजे तक शक्ति केंद्रों पर बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करनी होगी।

कार्यशाला का संचालन महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय गुप्ता ने प्रस्तुत किया। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।