{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय निकला साइबर ठगी गिरोह का सदस्य, कमीशन पर देता था बैंक खाता; गिरफ्तार
 

 

वाराणसी: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो वाराणसी में ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते हुए साइबर ठगी के गिरोह के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराता था। आरोपी ठगी से प्राप्त रकम अपने बैंक खाते में मंगवाकर उसके बदले कमीशन लेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,060 रुपये नकद बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त संदिग्ध एटीएम और साइबर शिकायतों की जांच के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के एक बैंक खाते पर संदेह हुआ। जांच में यह खाता अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के समडीह गांव निवासी अमित मौर्या के नाम पर मिला।

पुलिस ने अमित मौर्या को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने साइबर ठगी नेटवर्क में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और पासबुक की जानकारी अपने साथी सौरभ पांडेय को दे रखी थी। गिरोह के सदस्य साइबर ठगी से प्राप्त रकम इसी खाते में ट्रांसफर कराते थे और बाद में एटीएम के जरिए नकदी निकाल लेते थे। इसके बदले अमित को तय कमीशन मिलता था।

पुलिस के अनुसार, बैंक खाते के लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच से साइबर ठगी नेटवर्क में आरोपी की सक्रिय भूमिका की पुष्टि हुई है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

साइबर क्राइम थाना पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है। मामले में मिले डिजिटल साक्ष्यों और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर फरार आरोपियों के खिलाफ भी जल्द विधिक कार्रवाई की जाएगी।