{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दुर्गाकुंड CHC में जल्द बनेगा ब्लड स्टोरेज यूनिट, मरीजों को अब रक्त के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
 

 

वाराणसी। शहर के शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गाकुंड में जल्द ही ब्लड स्टोरेज यूनिट (बीएसयू) स्थापित की जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को जरूरत के समय आसानी से रक्त उपलब्ध हो सकेगा। खासकर सड़क दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह यूनिट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जिले के सभी फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के तहत बीएसयू की सुविधा बढ़ाई जा रही है। दुर्गाकुंड सीएचसी में यूनिट स्थापित होने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में रक्त की जरूरत पड़ने पर मरीजों और उनके परिजनों को आईएमए, मंडलीय अस्पताल, पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल या अन्य दूरस्थ केंद्रों का रुख करना पड़ता है। इससे समय और संसाधन दोनों की खपत होती है।

आपात स्थिति में साबित होगी जीवनरक्षक

बीएसयू शुरू होने के बाद अस्पताल में जरूरत के मुताबिक रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना आसान होगा। दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों, प्रसव के दौरान रक्तस्राव वाली महिलाओं, ऑपरेशन और अन्य गंभीर मामलों में समय पर रक्त मिलने से उपचार में तेजी आएगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।

पहले से उपलब्ध हैं कई आधुनिक सुविधाएं

सीएचसी दुर्गाकुंड में पहले से ही डायलिसिस यूनिट, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी लैब और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हैं। बीएसयू की सुविधा जुड़ने से स्वास्थ्य केंद्र की आपातकालीन चिकित्सा क्षमता और मजबूत होगी और मरीजों को रक्त के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम होगी।

क्या बोले सीएमओ

सीएमओ वाराणसी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि जिले के एफआरयू में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में दुर्गाकुंड सीएचसी में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित की जाएगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।