स्कूल में खूनी विवाद: 10वीं के छात्र ने सहपाठी को चाकू मारा, अस्पताल में मौत
चंदौली। जिले के कोतवाली क्षेत्र स्थित एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह पढ़ाई के दौरान दो नाबालिग छात्रों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में गणित की कक्षा चल रही थी। इसी दौरान 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने सहपाठी लवकुश यादव (16) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और अन्य छात्रों की मदद से घायल लवकुश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र उत्कर्ष मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने उसे घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। स्थिति को देखते हुए विद्यालय परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामूली बात को लेकर दो किशोरों के बीच विवाद हुआ था, जो चाकूबाजी की घटना में बदल गया। आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रही है।