संगठन सृजन अभियान के तहत काशी पहुंचे बी.एम. संदीप, जिला और सिटी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कार्यकर्ताओं से ली राय
वाराणसी। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पर्यवेक्षक बी.एम. संदीप आज वाराणसी पहुंचे। उन्होंने काशी के पराड़कर भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन को लेकर उनकी राय जानी।
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस और सिटी कांग्रेस के अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में बी.एम. संदीप पिछले करीब 20 दिनों से अलग-अलग शहरों का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।
बी.एम. संदीप ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व की मंशा है कि संगठन में नियुक्तियों को सोशल जस्टिस को ध्यान में रखते हुए किया जाए और जिले के हर कांग्रेस कार्यकर्ता की बात सुनी जाए। उन्होंने कहा कि इच्छुक कार्यकर्ता अध्यक्ष पद के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसके बाद कांग्रेस नेतृत्व द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन में ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाएगी, जो वैचारिक रूप से मजबूत हो, जमीनी स्तर पर काम करता हो और बीजेपी-आरएसएस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से लड़ता हो। इसके साथ ही नेतृत्व में सभी को साथ लेकर चलने और नई पीढ़ी के नेतृत्व को तैयार करने की क्षमता भी होनी चाहिए।
बी.एम. संदीप ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के बाद ब्लॉक कांग्रेस और मंडल कांग्रेस सहित संगठन की अन्य इकाइयों में नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और इसके बाद चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी।