{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी सांसद प्रतियोगिता का कैलेंडर जारी, 32 खेलों समेत सांस्कृतिक महोत्सव, युवा संसद और रोजगार मेले का होगा आयोजन
 

 

वाराणसी। काशी की प्रतिभाओं को खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बड़ा मंच देने के उद्देश्य से काशी सांसद प्रतियोगिता-2026 के आगामी आयोजनों की रूपरेखा तय करने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस में भाजपा और जिला प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता को अधिक व्यापक और समावेशी बनाने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं की तिथियों, तैयारियों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी के युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रतियोगिताओं का विस्तृत खाका तैयार किया गया है। प्रतियोगिता के अंतर्गत 32 खेलों, सांस्कृतिक महोत्सव, युवा संसद, ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज), स्केचिंग, पेंटिंग, फोटोग्राफी, बाल कवि सम्मेलन और रोजगार मेले सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्केचिंग, पेंटिंग और फोटोग्राफी प्रतियोगिता

बैठक में बताया गया कि स्केचिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता का ऑनलाइन चरण 3 से 14 अगस्त तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी कृतियां वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। चयनित प्रतिभागियों का ऑफलाइन फाइनल 19 और 20 अगस्त को सिगरा स्टेडियम में आयोजित होगा।

ज्ञान प्रतियोगिता अगस्त-सितंबर में

इस वर्ष छात्रों की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज) जनवरी के बजाय अगस्त-सितंबर में आयोजित की जाएगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 अगस्त रखी गई है। प्रतियोगिता 25 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगी। पहला राउंड 25 अगस्त, दूसरा राउंड 29 अगस्त तथा फाइनल 2 और 3 सितंबर को होगा।

सांस्कृतिक महोत्सव में भजन गायन की नई श्रेणी

काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन 14 से 24 सितंबर तक किया जाएगा। प्रथम चरण 15-16 सितंबर, द्वितीय चरण 18-19 सितंबर और फाइनल 23-24 सितंबर को आयोजित होगा। नृत्य, नाट्य, वादन और गायन प्रतियोगिताओं के साथ इस बार भजन गायन की विशेष श्रेणी भी जोड़ी गई है। फाइनल कमिश्नरी ऑडिटोरियम सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे।

32 खेल, पांच आयु वर्ग और 400 से अधिक स्थान

काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 24 अक्टूबर 2026 तक होगा। प्रतियोगिताएं 32 खेलों, पांच आयु वर्गों और 400 से अधिक स्थानों पर आयोजित की जाएंगी। सिगरा स्टेडियम सहित विभिन्न खेल परिसरों में लाखों खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

बाल कवि सम्मेलन और पहली बार युवा संसद

बाल कवि सम्मेलन का आयोजन 2 से 18 नवंबर तक होगा। पहला चरण 2-3 नवंबर, दूसरा चरण 5-7 नवंबर और फाइनल 17-18 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं इस वर्ष पहली बार विद्यालय और जिला स्तर पर युवा संसद का भी आयोजन कराया जाएगा।

दिसंबर में रोजगार मेला

काशी सांसद रोजगार पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 4 और 5 दिसंबर को आईटीआई करौंदी परिसर में रोजगार मेले का आयोजन होगा।

मुख्य विकास अधिकारी बने नोडल अधिकारी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह को पूरे आयोजन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। भाजपा महानगर वाराणसी के उपाध्यक्ष आत्मा विश्वेश्वर को महानगर संयोजक बनाया गया। विभिन्न जोनों और ब्लॉकों के लिए भी अलग-अलग संयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई।

नगर निगम करेगा सहयोग

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी नगर निगम प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग करेगा। बैठक में गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।