वाराणसी में BJP पार्षद पर केस: फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
वाराणसी के सालारपुर वार्ड-5 के भाजपा पार्षद पर फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। भाजपा आईटी सेल पदाधिकारी दीपक गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने ऑडियो क्लिप के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: भाजपा के एक पार्षद के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। सालारपुर वार्ड नंबर-5 के पार्षद हनुमान प्रसाद सोनकर पर यह आरोप भाजपा आईटी सेल के पदाधिकारी दीपक गुप्ता ने लगाया है। पुलिस ने तहरीर और ऑडियो क्लिप के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दीपक गुप्ता के अनुसार, 16 मार्च की शाम पार्षद हनुमान प्रसाद सोनकर ने उन्हें फोन किया और बिना किसी कारण भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पार्षद ने उन्हें घर में घुसकर मारने की धमकी दी और कहा कि- 'मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे'।
पार्टी स्तर पर सुलझाने की कोशिश नाकाम
दीपक गुप्ता ने बताया कि मामला पार्टी से जुड़ा होने के कारण पहले इसे संगठन स्तर पर सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने पुलिस में तहरीर दे दी। इसके बाद 28 मार्च की शाम पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया।
शिकायत के साथ दीपक गुप्ता ने एक ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपी है, जिसमें कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी की बात रिकॉर्ड है। पुलिस अब इस ऑडियो क्लिप की जांच कर रही है, ताकि आरोपों की पुष्टि की जा सके।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के अनुसार, प्राप्त तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।