{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पति की मौत के बाद विधवा को ससुराल से निकालने की कोशिश! सास-ससुर, ननद पर मारपीट का केस दर्ज

वाराणसी में एक महिला ने अपने ससुरालवालों पर पति की मृत्यु के बाद मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। पीड़िता का आरोप है कि सास, ससुर और ननद उसे बच्ची सहित घर से निकालने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने शिकायत पर तीनों आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के नायक बाजार भैरवनाथ निवासी एक महिला ने अपने ससुरालवालों पर मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता सलोनी जायसवाल की शादी 30 नवंबर 2020 को गुलशन कुमार जायसवाल से हुई थी, लेकिन 16 अप्रैल 2024 को पति की कैंसर से मौत हो गई। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष का व्यवहार उसके प्रति बेहद कठोर हो गया।

पीड़िता का आरोप है कि पति के निधन के बाद ससुर केदारनाथ जायसवाल, सास ज्योति जायसवाल और ननद दीपाती जायसवाल उसे लगातार घर से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। सलोनी कुछ दिनों से तबीयत खराब होने के कारण मायके में थी और 16 नवंबर को जब वापस लौटी तो सास और ननद ने घर में घुसते ही उसके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि सास ज्योति जायसवाल ने उसके साथ जमकर मारपीट की और बच्ची समेत दोबारा मायके लौट जाने का दबाव बनाया। सलोनी ने आरोप लगाया कि उसे और उसकी बच्ची को ससुराल पक्ष से जान का खतरा है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के तीन लोगों केदारनाथ, ज्योति और दीपाती जायसवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।