रेलिंग कूदते दिखे शिकायतकर्ता, CCTV ने खोली पूरी कहानी- महाशिवरात्रि के दिन धाम में क्या हुआ था?
वाराणसी। हाल ही में काशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बीच मंदिर प्रशासन ने सीसीटीवी फोटो जारी कर पूरे मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। प्रशासन की ओर से जारी तस्वीर में शिकायतकर्ता को मंदिर परिसर में लगी रेलिंग को कूदते हुए देखा जा सकता है।
मंदिर न्यास का दावा है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट होता है कि मंदिर के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा संबंधित व्यक्ति के साथ न तो शारीरिक और न ही शाब्दिक दुर्व्यवहार किया गया।
क्या है पूरा मामला?
महाशिवरात्रि के दिन दो दर्शनार्थियों- बाबूलाल सोनकर और भदैनी निवासी अनुज पांडेय ने एसडीएम के खिलाफ चौक थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मंदिर परिसर में अव्यवस्था और कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए थे।
आरोप सार्वजनिक होने के बाद मंदिर प्रशासन ने मामले की आंतरिक समीक्षा शुरू की और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की।
न्यास की ओर से क्या कहा गया?
मंदिर न्यास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूरे प्रकरण का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा शिकायतकर्ता के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया गया।
न्यास ने यह भी कहा कि सामान्य परिस्थितियों में वह आरोप-प्रत्यारोप पर प्रतिक्रिया नहीं देता, लेकिन बार-बार मिथ्या आरोप प्रसारित किए जाने के कारण स्पष्टीकरण जारी करना आवश्यक हो गया।
फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है, जबकि मंदिर प्रशासन ने अपने दावों को सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर सही बताया है।