{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Census 2026: वाराणसी में शुरू हुई ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया, खुद भर सकते हैं ऑनलाइन फॉर्म, 34 सवालों के देने होंगे जवाब

 

वाराणसी। देश में वर्ष 2011 के बाद एक बार फिर जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इस बार देश की पहली शत-प्रतिशत डिजिटल जनगणना कराई जाएगी। केंद्र सरकार ने इसके तहत नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा दी है, जिसके जरिए लोग खुद अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

पहले चरण के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 21 मई तक चलेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करने के बाद OTP सत्यापन होगा, जिसके बाद 33 सवालों वाली प्रश्नावली भरनी होगी।

जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एक विशेष ‘SE ID’ दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस आईडी को सुरक्षित रखें, क्योंकि आगे की प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ेगी।

नगर आयुक्त Himanshu Nagpal ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जो परिवार पहले से ऑनलाइन डेटा भर देंगे, उन्हें 22 मई से शुरू होने वाले घर-घर सर्वे के दौरान काफी सुविधा मिलेगी। जब प्रगणक घर पहुंचेंगे, तब केवल SE ID दिखानी होगी। रिकॉर्ड मिलते ही जानकारी तुरंत स्वीकार कर ली जाएगी, जिससे समय की बचत होगी।

नगर आयुक्त ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरी जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और डेटा एन्क्रिप्शन के जरिए संरक्षित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से बैंक डिटेल, OTP या आधार नंबर जैसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगी जाएगी। साथ ही, नागरिकों से यह भी कहा गया है कि घर आने वाले प्रगणक का आधिकारिक पहचान पत्र जरूर जांचें।

उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया किसी की नागरिकता तय करने के लिए नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने के लिए की जा रही है।

दो चरणों में होगी जनगणना

Varanasi में जनगणना का पहला चरण मई-जून 2026 के दौरान चलेगा, जिसमें हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा। इस चरण में जनसंख्या, साक्षरता, रोजगार और जातिगत आंकड़ों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि डिजिटल जनगणना को सफल बनाने के लिए प्रगणकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है और आम जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।