वाराणसी: टांका काटने के दौरान मरीज की मौत, दो डॉक्टरों पर FIR
चौबेपुर के नरपतपुर डुवकियां बाजार स्थित निजी अस्पताल में पथरी ऑपरेशन के बाद टांका कटवाने आए मरीज की मौत हो गई। परिजनों के हंगामे के बाद दो डॉक्टरों पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया।
वाराणसी: चौबेपुर क्षेत्र के नरपतपुर डुवकियां बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने आए हवलदार यादव (55) की शनिवार रात टांका काटने के दौरान हालत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
मृतक बहुरा खानपुर (गाजीपुर) का निवासी था। परिजनों के अनुसार, करीब दस दिन पहले हवलदार यादव का एसएन हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में पथरी का ऑपरेशन किया गया था। शनिवार रात वे टांका कटवाने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
टांका काटते समय बिगड़ी हालत
आरोप है कि टांका काटने के दौरान मरीज अचानक बेसुध हो गया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे चिकित्सकीय लापरवाही बताते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो डॉक्टरों पर FIR दर्ज
थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र अरविंद यादव की तहरीर पर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सौरभ सिंह और डॉ. रितेश यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रारंभिक जांच में पोटैशियम की कमी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मरीज के शरीर में पोटैशियम की कमी सामने आई है। डॉक्टरों द्वारा पोटैशियम की डोज देने के बाद मरीज को ऑटो से घर भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।