{"vars":{"id": "130921:5012"}}

श्रद्धालु बनकर पहुंचे चौक इंस्पेक्टर, ज्यादा किराया वसूल रहे बाइकर्स पर कार्रवाई, 18 बाइक सीज

वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने वाले बाइक चालकों पर चौक पुलिस ने कार्रवाई की। इंस्पेक्टर ने श्रद्धालु बनकर रियलिटी चेक किया। शिकायतों की जांच के बाद 18 बाइक चालकों को पकड़कर चालान कराया गया और उनकी बाइक सीज कर दी गई।

 

वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने वाले अवैध बाइक चालकों के खिलाफ चौक पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायतों की जांच के लिए चौक थाना प्रभारी बीके शुक्ला खुद श्रद्धालु बनकर पहुंचे और रियलिटी चेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली किए जाने की शिकायतें सही पाए जाने पर पुलिस ने 18 बाइक चालकों को पकड़कर कोतवाली पहुंचाया। सभी वाहनों का चालान कराने के साथ उन्हें सीज कर दिया गया।

श्रद्धालु बनकर इंस्पेक्टर ने किया रियलिटी चेक

काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से कम दूरी के सफर के नाम पर अधिक पैसे वसूलने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। स्थानीय लोगों की शिकायतों पर चौक थाना प्रभारी बीके शुक्ला ने मामले की जांच की। इसके लिए वह खुद श्रद्धालु बनकर इलाके में पहुंचे और बाइक चालकों की गतिविधियों का जायजा लिया।

जांच के दौरान मनमाने किराये की वसूली सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई की। 18 बाइक चालकों को पकड़कर कोतवाली लाया गया। सभी वाहनों का चालान कराने के बाद बाइक सीज कर दी गईं। पकड़े गए बाइक चालक बाद में जमानत पर छूट गए।

ओला और रैपिडो के नाम पर वसूली की शिकायत

थाना चौक प्रभारी के मुताबिक, कुछ बाइक चालक बाहर से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को झांसे में लेकर कम दूरी तक पहुंचाने के बदले मनमाने रुपये वसूल रहे थे। स्थानीय लोगों की शिकायतों की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मनमानी वसूली से बचाने के साथ यातायात और परिवहन व्यवस्था व्यवस्थित रखने के लिए यह अभियान चलाया गया है।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, आगे भी चलेगा अभियान

मंदिर के आसपास अवैध रूप से यात्रियों को ले जाने और मनमाना किराया वसूलने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद शिकायतें सामने आने पर फिर अभियान चलाया गया।

एसीपी विवेक तिवारी ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान चौकी प्रभारी KVM आदित्य कुमार राय और चौकी प्रभारी दालमंडी रवि सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।