{"vars":{"id": "130921:5012"}}

CM मोहन यादव ने समझी काशी विश्वनाथ मंदिर की हाईटेक SOP, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था का लिया जायजा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और मंदिर की SOP व भीड़ प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों के साथ बैठक में रुद्राभिषेक, डिजिटल गाइडेंस और दर्शन व्यवस्था पर चर्चा हुई।

 

वाराणसी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंदिर की SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को विस्तार से समझा।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अधिकारियों संग बैठक

सीएम मोहन यादव ने दर्शन के बाद मंदिर प्रशासन के अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्हें काशी विश्वनाथ धाम में लागू की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में आकर बाबा का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

रुद्राभिषेक से भीड़ प्रबंधन का अनोखा तरीका

मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि धाम में कुल 115 विग्रह स्थापित हैं, जिनमें 14 प्रधान महादेव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रुद्राभिषेक की व्यवस्था को डिजिटल और बुकलेट के माध्यम से समझाया जाता है, जिससे श्रद्धालु अलग-अलग स्थानों पर पूजा करते हैं और भीड़ एक जगह केंद्रित नहीं होती।

डिजिटल और पारंपरिक व्यवस्था का संतुलन

मंदिर प्रशासन ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक व्यवस्था का बेहतर समन्वय किया है। सीईओ ने बताया कि धाम में साफ-सफाई के दौरान धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए मास्क और ग्लव्स का उपयोग किया जाता है। महाशिवरात्रि जैसे पर्वों पर सजावट और दर्शन व्यवस्था के लिए पहले से निर्देश जारी किए जाते हैं।

विशेष श्रद्धालुओं के लिए अलग सुविधा

गंभीर बीमारियों से जूझ रहे श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे लोगों को सीधे दर्शन कराने के लिए एक सहायक उपलब्ध कराया जाता है, जो उन्हें सुरक्षित तरीके से मंदिर में प्रवेश और बाहर तक पहुंचाने में मदद करता है।

जानिए काशी विश्वनाथ धाम की SOP (भीड़ प्रबंधन व्यवस्था)

मंदिर प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए कई स्तरों पर व्यवस्थाएं लागू की हैं- 

  • होल्डिंग एरिया बनाकर भीड़ को नियंत्रित करना
  • जिक-जैक लाइन सिस्टम से व्यवस्थित प्रवेश
  • भीड़ के अनुसार लाइन की लंबाई घटाना-बढ़ाना
  • वीआईपी और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग एंट्री व्यवस्था
  • चार अलग-अलग गेट से प्रवेश और निकास
  • हेड काउंट कैमरों से प्रति घंटे भीड़ की निगरानी
  • ज्यादा भीड़ होने पर गर्भगृह के बाहर से दर्शन की व्यवस्था

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

सीएम मोहन यादव के वाराणसी आगमन पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, राकेश सचान, गिरीश यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने उनका स्वागत किया।

अर्थव्यवस्था और सहयोग सम्मेलन पर फोकस

सीएम ने बताया कि वे एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां निवेश, अधोसंरचना और आर्थिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। मध्य प्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक अवसरों को भी इस मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।