CM ने परखी प्रधानमंत्री के काशी दौरे की तैयारियां, दालमंडी चौड़ीकरण के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
वाराणसी: योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वाराणसी पहुंचकर नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, महिला सम्मेलन और विकास परियोजनाओं की तैयारियों को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था हो चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। रूट डायवर्जन की बेहतर व्यवस्था करने पर भी जोर दिया, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
महिला सम्मेलन की तैयारियां समय से पूरी हों
सीएम योगी ने महिला सम्मेलन को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन, वाहनों की पार्किंग और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
शहर की सफाई और व्यवस्था पर फोकस
मुख्यमंत्री ने पूरे शहर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट डॉग और छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थलों में रखा जाए और स्ट्रीट वेंडरों का भी व्यवस्थित प्रबंधन किया जाए।
परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में लोकार्पण और शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने पीपीटी के माध्यम से प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी।
सीएम योगी ने रोप-वे परियोजना और सड़क चौड़ीकरण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। खास तौर पर मणिकर्णिका घाट और दालमंडी क्षेत्र में चल रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने पर जोर दिया।
इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम जल्द होगा तैयार
गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को लेकर भी मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्टेडियम का निर्माण कार्य जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक में मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।