CM योगी और राज्यपाल ने काशी विश्वनाथ धाम में किया दर्शन-पूजन, सोमनाथ संकल्प महोत्सव में होंगे शामिल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और राज्यपाल Anandiben Patel सोमवार को Shri Kashi Vishwanath Temple पहुंचे, जहां दोनों ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री और राज्यपाल करीब तीन घंटे तक काशी विश्वनाथ धाम में मौजूद रहेंगे। यह पहली बार होगा जब प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल इतने लंबे समय तक विश्वनाथ धाम में रहकर बाबा की भोग आरती में भी शामिल होंगे। भोग आरती का नियमित समय सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक निर्धारित है।
सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच दोनों वीवीआईपी सबसे पहले गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन करेंगे। इसके बाद वे त्रयंबकेश्वर हॉल में आयोजित श्रीसोमनाथ संकल्प पूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में Banaras Hindu University के छात्रों द्वारा तैयार सोमनाथ की प्रतिकृति पार्थिव ज्योतिर्लिंग की स्थापना कर जलाभिषेक और पूजन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अतिथियों द्वारा सोमनाथ को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और इसके बाद सोमनाथ संकल्प का सामूहिक पाठ होगा। मुख्यमंत्री स्वयं संकल्प का वाचन करेंगे, जबकि उपस्थित श्रद्धालु और अतिथि सामूहिक रूप से उसका अनुच्चारण करेंगे। इस दौरान सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।
कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, मेयर अशोक तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि और विधायक मौजूद रहेंगे। पूजन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री और राज्यपाल दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू
राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट से तीन घंटे पहले अमर उजाला तिराहे से टेम्पो ट्रैवलर, आर्मेनिया बस और क्रूजर जैसे बड़े वाहनों को लहुराबीर और मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ीमंडी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा विशेश्वरगंज तिराहे से एक घंटे पहले चार पहिया वाहनों का मैदागिन की ओर प्रवेश बंद रहेगा। गोदौलिया चौराहे से भी किसी वाहन को मैदागिन की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं मरीमाई तिराहे से तेलियाबाग की ओर जाने वाले वाहनों को अंधरापुल और मलदहिया मार्ग की तरफ मोड़ा जाएगा। मलदहिया चौराहे से जयसिंह और लहुराबीर की ओर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।