CM योगी ने किया बनारस बिनाले का उद्घाटन, बोले- आस्था और अर्थव्यवस्था को जोड़ने का बेहतरीन प्रयास है...
वाराणसी। काशी की कला, संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक विकास को वैश्विक मंच देने की दिशा में शनिवार को बीएचयू में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि बनारस बिनाले आस्था और अर्थव्यवस्था के बीच अद्भुत समन्वय स्थापित करने का बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह काशी सदियों से अपनी जीवंत परंपराओं के लिए जानी जाती है, उसी तरह बनारस बिनाले भी अपनी अलग पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कार्यक्रम की पुस्तिका का विमोचन भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने काशी की पौराणिकता, ऐतिहासिकता, आध्यात्मिकता और आधुनिक विकास की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे की पूरक हैं। आस्था और आर्थिकी के रास्ते भले अलग हों, लेकिन दोनों की मंजिल एक ही है। महाकुंभ इसका बड़ा उदाहरण है।
परंपरा और आधुनिकता का संगम है काशी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अविनाशी काशी भारत की संस्कृति, अध्यात्म, ज्ञान और संगीत की अद्भुत भूमि है। काशी की पहचान केवल उसकी प्राचीन परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इस शहर ने आधुनिकता को भी खुले मन से स्वीकार किया है। यहां की गलियों, घाटों, गंगा की धारा, बनारसी वस्त्रों, संगीत और ज्ञान की परंपरा में आज भी जीवंतता दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि मार्क ट्वेन ने काशी को इतिहास से भी पुराना और परंपराओं से भी प्राचीन बताया था। काशी प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक और ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र रही है। यहां शास्त्रार्थ की परंपरा ने भारतीय ज्ञान को नई दिशा दी। पाणिनी की रचनाओं और अनेक प्राचीन कथाओं में भी काशी का उल्लेख मिलता है।
मुख्यमंत्री ने काशी की साहित्यिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने यहीं रहकर रामचरितमानस की रचना की। संत कबीर ने अपने दोहों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। आधुनिक हिंदी साहित्य को भी मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद और भारतेंदु हरिश्चंद्र जैसे साहित्यकारों ने समृद्ध किया। भगवान बुद्ध ने भी अपने उपदेश के लिए सारनाथ को चुना था।
वेनिस से कोच्चि और अब काशी पहुंचा बनारस बिनाले
मुख्यमंत्री ने बताया कि बनारस बिनाले की परिकल्पना काशी की सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप है। वर्ष 1995 में वेनिस बिनाले से इस परंपरा की शुरुआत हुई और भारत में वर्ष 2012 में इसकी शुरुआत हुई। अब यह आयोजन वेनिस और कोच्चि के बाद काशी पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए देश-विदेश के कलाकार, क्यूरेटर, सांस्कृतिक संस्थाएं, विद्वान, शिल्पकार और रचनाकार एक मंच पर आकर संवाद करेंगे। बीएचयू का भारत कला भवन, ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, पेशवा हवेली और अन्य सांस्कृतिक संस्थान इस साझा सांस्कृतिक यात्रा को नई मजबूती देंगे।
योगी ने कहा कि बनारस बिनाले का पहला संस्करण एक नई परंपरा की नींव रख रहा है। उनका सपना है कि ज्ञान की प्राचीन राजधानी काशी को आधुनिक कला और सांस्कृतिक संवाद की भी प्रमुख राजधानी के रूप में पहचान मिले।
आस्था के केंद्रों से मजबूत हो रही स्थानीय अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, गंगा के 84 घाट, गंगा आरती, नमो घाट, अलकनंदा क्रूज और गंगा विलास जैसी सुविधाएं काशी की पहचान को नई ऊंचाई दे रही हैं। वाराणसी की बनारसी साड़ी और हस्तशिल्प को ओडीओपी तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है तो इसका लाभ केवल धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरी स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। पर्यटन बढ़ने से कारीगरों को बाजार मिलता है और नाविकों, होटल संचालकों, परिवहन कारोबारियों, दुकानदारों तथा व्यापारियों से जुड़े लाखों परिवारों की आजीविका को सहारा मिलता है।
मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और बेहतर कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में विकास के कई नए आयाम जुड़े हैं। देश का पहला अर्बन रोपवे भी जल्द शुरू होने वाला है।
यूपी को बताया देश का ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कभी बीमारू राज्य के रूप में पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है और देश में सबसे अधिक करीब दो लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय प्रदेश में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए सुरक्षित माहौल सबसे जरूरी है। प्रदेश सरकार ने करीब साढ़े नौ साल पहले अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई थी, जो लगातार जारी है। बेहतर कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक भूमि बैंक और प्रशिक्षित कार्यबल ने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को मजबूत किया है।
योगी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि आजादी के बाद से वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में करीब 14 हजार बड़े कारखाने स्थापित हुए थे, जबकि 2017 से 2026 के बीच करीब 35 हजार बड़े कारखाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरते क्षेत्र औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उद्योगों की जरूरतों को देखते हुए आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक एसटीईएम स्नातकों को प्रतिवर्ष उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है।
विरासत और विकास को साथ लेकर चल रही सरकार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार विरासत और विकास, दोनों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। हमें पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक की भी जरूरत है। जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है तो परिणाम भी सकारात्मक आते हैं। उन्होंने कहा कि बनारस बिनाले जैसे आयोजन काशी की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया के सामने रखने के साथ ही पर्यटन, हस्तशिल्प, खानपान और स्थानीय कारोबार को भी नई गति देंगे।
मुख्यमंत्री ने देश-दुनिया से आए कला प्रेमियों और रचनाकारों से काशी को करीब से देखने और यहां की संस्कृति को महसूस करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक अवधेश सिंह, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंघानिया और डीजी चंद्रजीत बनर्जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।