PM मोदी के जन्मदिन पर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे CM योगी-राजनाथ सिंह, पूजा कर की दीर्घायु की कामना
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मां गंगा का 76 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। काशी विश्वनाथ मंदिर में भी प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर पूजा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी समेत कई नेता काशी पहुंचे। सभी ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद सफाई कर्मियों का सम्मान किया गया और बाइकर्स को लड्डू वितरित किए गए।
काशी में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर बाइक रैली भी निकाली जाएगी। रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाइक सवार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी से उनकी जन्मस्थली की ओर प्रस्थान करेंगे।
चिराग पासवान ने दी जन्मदिन की बधाई
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं अपनी पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हूं। उनकी सोच देश को विकास की राह पर आगे लेकर जाने की है।”
वहीं, मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि बाइक रैली की तैयारियां पूरी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह काशी पहुंच चुके हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का भी कार्यक्रम है।