वाराणसी में CM योगी का आज दो दिवसीय दौरा: PM के कार्यक्रम की करेंगे समीक्षा, रूट डायवर्जन लागू
सीएम योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की समीक्षा के साथ कई रूटों पर डायवर्जन लागू किया गया है। जानिए किन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध और क्या है पूरा ट्रैफिक प्लान।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे के बाद हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस जाएंगे, जहां थोड़े विश्राम के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की चल रही योजनाओं की प्रगति, प्रस्तावित लोकार्पण और शिलान्यास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों पर फोकस
सीएम योगी अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों से फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही बीएलडब्ल्यू (बनारस लोकोमोटिव वर्क्स) में प्रस्तावित सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन करेंगे।
धार्मिक स्थलों पर भी करेंगे दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को अलर्ट
मुख्यमंत्री शहर की कानून-व्यवस्था पर भी उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसमें प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सीएम फीडबैक के आधार पर जरूरी निर्देश और कार्रवाई भी कर सकते हैं, जिससे प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
ट्रैफिक एडवाइजरी: शहर में रूट डायवर्जन लागू
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत रूट डायवर्जन लागू किया है। पुलिस लाइन से सर्किट हाउस और वहां से काशी विश्वनाथ धाम व काल भैरव मंदिर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार, कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रमुख डायवर्जन रूट्स:
- मुड़ैला तिराहा से मंडुवाडीह की ओर जाने वाले वाहन मोहनसराय/चांदपुर की ओर भेजे जाएंगे
- मंडुवाडीह तिराहा से वाहनों को मुड़ैला की ओर डायवर्ट किया जाएगा
- बौलिया तिराहा से लहरतारा जाने वाले वाहन फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर जाएंगे
- महमूरगंज से ककरमत्ता और मंडुवाडीह की ओर जाने वाले मार्ग बंद रहेंगे
- लहरतारा और भिखारीपुर से बरेका/ककरमत्ता जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों से भेजे जाएंगे
- बरेका क्षेत्र में सिनेमा हॉल तिराहा, सेंट्रल जेल मार्केट और सूर्य सरोवर के आसपास यातायात प्रतिबंधित रहेगा
- कार्यक्रम स्थल के आसपास इंटर कॉलेज चौराहा से वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी
शाम 4 बजे से भारी वाहनों पर रोक
- टेंपो ट्रैवलर और बड़ी टूरिस्ट गाड़ियां जगतगंज से डायवर्ट की जाएंगी
- विशेश्वरगंज से मैदागिन और कालभैरव की ओर बड़े वाहनों की एंट्री बंद रहेगी
- रोडवेज और टूरिस्ट बसों को चांदपुर से आगे डायवर्ट किया जाएगा
- अखरी बाइपास से भिखारीपुर की ओर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी