19वीं बार विंध्याचल पहुंचेंगे सीएम योगी, मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद विंध्य कॉरिडोर और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
मिर्ज़ापुर I मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को 19वीं बार विंध्याचल दौरे पर पहुंचेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वह मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन से करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सरकार की महत्वाकांक्षी विंध्य कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण करेंगे और जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। खास तौर पर सड़कों की खराब स्थिति को लेकर मिली शिकायतों के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों की भी विशेष समीक्षा किए जाने की संभावना है।
दर्शन-पूजन और निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री अष्टभुजा डाक बंगले के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान जिले में संचालित विकास परियोजनाओं, निर्माण कार्यों और जनहित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री चित्रकूट धाम के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंगलवार को पूरे दिन प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर रहीं। लगातार हो रही बारिश के कारण तैयारियों में कई बार व्यवधान आया, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस विभाग देर रात तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। पूरे दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और चौकस नजर आया।
प्रशासन के अनुसार मोतीझील मार्ग पर हेलिपैड तैयार किया गया है। हाईवे से लेकर अष्टभुजा डाक बंगले तक व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और हाईवे पर लगी रेलिंगों को पीले रंग से रंगने का कार्य भी कराया गया। इसके अलावा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाने वाली होर्डिंग्स भी विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगाई गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हेलिपैड के आसपास, प्रमुख चौराहों और गलियों में बैरिकेडिंग की गई है। वहीं अष्टभुजा डाक बंगले में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर डीएफएमडी (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) मशीन लगाई गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश को रोका जा सके। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में है।