CM योगी का वाराणसी दौरा: काल भैरव से लिया आशीर्वाद, फिर विश्वनाथ धाम में किया अभिषेक
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन शनिवार को काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
काल भैरव मंदिर में टेका माथा
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले काल भैरव मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचते ही उन्होंने भैरव दरबार की चौखट को स्पर्श कर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और पुजारियों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया, जिससे वहां मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गर्भगृह में आरती और पूजन
मुख्यमंत्री मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा काल भैरव की प्रतिमा के सामने घंटी बजाकर आरती उतारी और विधिवत अर्चना की।
इस दौरान उन्होंने बाबा को माला और फूल अर्पित किए। करीब 5 मिनट तक पूजन करने के बाद वह वहां से निकलकर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की ओर रवाना हो गए।
बाबा विश्वनाथ का किया अभिषेक
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दूध और जल से अभिषेक किया। यहां उन्होंने षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की और आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।