{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी समारोह में जुटेंगे 2 राज्यों के CM, CM योगी करेंगे धर्म संस्कृति सम्मेलन का उद्घाटन
 

 

वाराणसी। भारत सेवाश्रम संघ, सिगरा के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 10 दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री श्री दुर्गापूजा महोत्सव और विराट हिंदू धर्म संस्कृति सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

स्वामी प्रणवानंद महाराज द्वारा वर्ष 1926 में स्थापित भारत सेवाश्रम संघ अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा है। इसी उपलक्ष्य में सिगरा स्थित आश्रम में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

12 अक्टूबर को धर्म संस्कृति सम्मेलन का शुभारंभ

12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विराट हिंदू धर्म संस्कृति सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सेवाश्रम संघ के सभापति स्वामी पुण्यात्मानंद करेंगे।

आश्रम के पदाधिकारी स्वामी ब्रह्ममायानंद ने बताया कि उद्घाटन के बाद 'राम में महामाया आदिशक्ति' नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही असम का प्रसिद्ध बिहू नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान समाज और राष्ट्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चिंतन-मंथन होगा। अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

17 अक्टूबर को शामिल होंगे शुभेंदु अधिकारी

शताब्दी समारोह में 17 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी में हिंदुत्व के आधार पर भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने की अवधारणा और उसकी नींव से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

विशाल शोभायात्रा से होगा समारोह का आगाज

10 दिवसीय शताब्दी समारोह की शुरुआत 11 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के साथ होगी। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 20 अक्टूबर तक धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न वैचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष को देखते हुए आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से संतों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।