{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में आके जोगनिया...वाराणसी पहुंचीं भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह, बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर किया नौका विहार

 

भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह रविवार को धार्मिक नगरी काशी पहुंचीं। सुबह उन्होंने विधि-विधान से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंदिर से निकलने के बाद अक्षरा ने कहा कि काशी आकर मन को खास सुकून मिलता है। यहां की ऊर्जा अलग ही स्तर की है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि शिव की उपस्थिति में हर चीज अपना अर्थ पा लेती है।

दर्शन के बाद गंगा में बिताए सुकून के पल

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अक्षरा सिंह ने गंगा नदी में बोटिंग की। ग्रीन और ब्लू रंग के सूट-सलवार के साथ मल्टीकलर शॉल ओढ़े अक्षरा करीब एक घंटे तक नाव में सैर करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट पर पहुंचे साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया, उनके साथ तस्वीरें लीं और सेल्फी भी क्लिक की।

इंस्टाग्राम पर शेयर की रील और तस्वीरें

सुबह करीब 8 बजे गंगा द्वार से अक्षरा सिंह मंदिर पहुंचीं थीं। दर्शन के दौरान उनके माथे पर सफेद और लाल टीका लगा था। इसके बाद उन्होंने काला चश्मा पहना और नाव में बैठकर गंगा की लहरों के बीच समय बिताया। इस खास पल को उन्होंने इंस्टाग्राम रील के जरिए भी साझा किया, जिसमें कैप्शन लिखा- “शांति भी, शक्ति भी।

रील के बैकग्राउंड में उन्होंने गीत लगाया- “जोगिया से जोग लगा बैठी, काशी में आके जोगनिया…”। वीडियो में अक्षरा नाव पर बैठकर हाथ फैलाए साइबेरियन पक्षियों के बीच नजर आईं, जो झुंड में उनके आसपास उड़ते दिखे।

 

इसके अलावा उन्होंने नाव की सैर की तस्वीरें भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। कैप्शन में उन्होंने लिखा, ना परफेक्ट हूं, ना सब जानती हूं। गलतियों से सीख रही हूं, सीखती रहूंगी…