{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कफ सिरप तस्करी कांड में नई कार्रवाई: वाराणसी के CA विष्णु अग्रवाल के घर पहुंची जांच टीम

जांच टीम ने कफ सिरप तस्करी मामले में वाराणसी के CA विष्णु अग्रवाल के घर छानबीन की। पुलिस रिमांड में सरगना शुभम जायसवाल के पिता ने बताया कि धंधे का पूरा हिसाब वही रखते थे। एसटीएफ, एसआईटी और सोनभद्र पुलिस उनके नेटवर्क और भूमिका की जांच कर रही है।

 

वाराणसी: नशीले कफ सिरप तस्करी मामले की जांच तेजी पकड़ रही है। शुक्रवार को जांच टीम वाराणसी स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु अग्रवाल के घर पहुंची और छानबीन की। तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के अवैध कारोबार में विष्णु अग्रवाल भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की। वहीं शुक्रवार को ही शुभम जायसवाल ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें उसने खुद को बेकसूर बताया है।

मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब शुभम के पिता भोला प्रसाद ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में बताया कि शुभम के पूरे धंधे का लेखा-जोखा CA विष्णु अग्रवाल ही संभालता था। इस बयान के बाद जांच एजेंसियाँ तुरंत सक्रिय हो गईं और विष्णु अग्रवाल से जुड़े संपर्कों व संभावित भागीदारी की जानकारी जुटाने में लग गईं।

फिलहाल सोनभद्र पुलिस, एसटीएफ, एसआईटी वाराणसी सहित कई जिलों की टीमें मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। उनका फोकस यह पता लगाने पर है कि तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल था और वित्तीय संचालन किस तरह किया जाता था। जांच टीमें आने वाले दिनों में मामले से जुड़े और बिंदुओं की पड़ताल जारी रखेंगी।