{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दालमंडी चौड़ीकरण को मिली रफ्तार, विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन, 3 महीने में तैयार होगी मॉडल सड़क

 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का काम अब रफ्तार पकड़ चुका है।मकानों के ध्वस्तीकरण के बाद दालमंडी में सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। रलिलार को शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विधिवत पूजा-पाठ और भूमि पूजन कर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की।

बता दें कि, दालमंडी की इस सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाना है। प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई करीब 17.5 मीटर होगी। निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) को दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, करीब तीन महीने में सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


श्रद्धालुओं को मिलेगा बाबा विश्वनाथ धाम तक सुगम रास्ता

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना का मुख्य उद्देश्य श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बेहतर और सुगम मार्ग उपलब्ध कराना है। मौजूदा संकरी सड़क के चौड़ीकरण से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होने और श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत दालमंडी से चौक थाने तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। प्रस्तावित मॉडल रोड में सड़क के साथ दोनों तरफ पैदल चलने के लिए पाथवे विकसित किए जाने की योजना है।

181 से अधिक भवन परियोजना की जद में

चौड़ीकरण परियोजना की जद में बड़ी संख्या में भवन और धार्मिक स्थल आए हैं। प्रशासन की ओर से भवन स्वामियों को मुआवजा देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराई जा रही है। रजिस्ट्री पूरी होने के बाद संबंधित भवनों को चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त किया जा रहा है।

अब तक बड़ी संख्या में भवनों को हटाया जा चुका है, जबकि बाकी हिस्सों में कार्रवाई जारी है। परियोजना की जद में आने वाले धार्मिक स्थलों के प्रभावित हिस्सों को भी हटाया गया है।


215.88 करोड़ रुपये का बजट मंजूर

दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट से जुलाई 2025 में मंजूरी मिली थी। इसके लिए करीब 215.88 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। इसके बाद जमीन और भवनों की नापी सहित अधिग्रहण व रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू हुई।

भवन स्वामियों की सुविधा के लिए PWD की ओर से चौक थाने के परिसर में कैंप कार्यालय भी बनाया गया था, जहां रजिस्ट्री से संबंधित प्रक्रिया पूरी कराई गई।


60 फीट चौड़ी सड़क का है प्रस्ताव

परियोजना के तहत मौजूदा संकरी गली को चौड़ा कर करीब 60 फीट का मार्ग विकसित करने की योजना है। इसमें लगभग 30 फीट चौड़ी मुख्य सड़क और दोनों तरफ 15-15 फीट के पाथवे प्रस्तावित हैं।

सरकार और प्रशासन का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।