सावन मेले की तैयारियों का डीसीपी-एडीसीपी ने किया निरीक्षण, मार्कण्डेय महादेव में किया जलाभिषेक
वाराणसी। सावन मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर पहुंचकर मेले की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने पुलिसकर्मियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के बाद डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। मंदिर के मुख्य पुजारी मुन्ना गुरु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों अधिकारियों से पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के समय मुन्ना गुरु, लालू गिरी, अजय गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।