{"vars":{"id": "130921:5012"}}

DCP गोमती ज़ोन ने जंसा थाने का किया औचक निरीक्षण, स्वच्छता से लेकर विवेचना पर दिए सख्त निर्देश

 

वाराणसी I पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन के पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल ने शुक्रवार को थाना जंसा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता, शस्त्रागार, मालखाना, बंदीगृह, CCTNS कक्ष, निर्माणाधीन भवन से लेकर मिशन शक्ति सेंटर तक हर व्यवस्था की बारीकी से जाँच की और कमियाँ मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीसीपी ने सभी रजिस्टर एवं अभिलेखों को पूरी तरह अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के सख्त आदेश दिए। लावारिस वाहनों व माल के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए गए।

मिशन शक्ति केन्द्र का विशेष रूप से फोकस में रहा। महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली देखी गई और महिला आरक्षियों को निर्देश दिया गया कि महिलाओं से संबंधित हर प्रार्थना-पत्र का प्राथमिकता से निस्तारण करें तथा नियमित फीडबैक लें। मिशन शक्ति-5 अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों व उपलब्ध सुविधाओं को मजबूत करने के आदेश दिए गए।

थाने में उपनिरीक्षकों के साथ हुई गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं, IGRS प्रकरणों व प्राप्त शिकायतों पर विस्तृत समीक्षा की गई। सभी IGRS प्रकरणों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा गया। धारा 126/135 BNSS के तहत निरोधात्मक कार्रवाई को सख्ती से लागू करने और आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ई-साक्ष्य अपलोडिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसीपी ने स्पष्ट कहा कि जिन केसों में CS/FR पहले ही भेजी जा चुकी है, उनमें प्रभावी निरीक्षक CUG के माध्यम से तत्काल ई-साक्ष्य अपलोडिंग पूरी कराएं।

अंत में डीसीपी आकाश पटेल ने सभी पुलिसकर्मियों को जनता से संवेदनशील व्यवहार, प्रोफेशनल आचरण और शिकायतकर्ता-हितैषी माहौल बनाने के साथ ही टीमवर्क व कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।