सिर्फ 3 घंटे में डिलीवरी, 50% हल्का... इंडियन ऑयल ने लॉन्च किया भविष्य का LPG सिलेंडर
वाराणसी। इंडियन ऑयल ने एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ (Indane Xtralite Now) सिलेंडर का गुरुवार को वाराणसी में शुभारंभ किया। इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख संजय भंडारी ने इसका औपचारिक लॉन्च किया। यह सिलेंडर पारंपरिक एलपीजी सिलेंडर की तुलना में 50 प्रतिशत हल्का है और इसकी सबसे बड़ी विशेषता बुकिंग के मात्र तीन घंटे के भीतर डिलीवरी की सुविधा है।
कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने कहा कि वाराणसी जैसे स्मार्ट सिटी के लिए इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ एक आधुनिक और सुविधाजनक उत्पाद है। उन्होंने बताया कि सामान्य एलपीजी सिलेंडर की तुलना में इसका वजन आधा होने के कारण इसे उठाना और इस्तेमाल करना विशेष रूप से गृहिणियों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य उपभोक्ताओं के लिए बेहद आसान होगा।
उन्होंने बताया कि सिलेंडर की रस्ट-फ्री (जंग-मुक्त) बॉडी फर्श पर दाग नहीं छोड़ती, जबकि इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता बिना किसी अतिरिक्त उपकरण के बाहर से ही सिलेंडर में बची एलपीजी की मात्रा आसानी से देख सकते हैं।
समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (एलपीजी) भोद्रो लाकरा ने बताया कि यह सिलेंडर बिना किसी वार्षिक रिफिल सीमा के उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि यह उत्पाद विशेष रूप से कामकाजी पेशेवरों, बैचलर्स, हॉस्टल्स, छोटे व्यवसायों, पीएनजी उपभोक्ताओं के बैकअप तथा तुरंत नया कनेक्शन चाहने वाले वाणिज्यिक ग्राहकों के लिए बेहद उपयोगी और सुविधाजनक विकल्प साबित होगा।
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान पहले दिन नया कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को टैक्स इनवॉइस, इंडेन एक्स्ट्रालाइट नाउ सिलेंडर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य विशेषताएं
- सामान्य एलपीजी सिलेंडर से 50% हल्का
- 3 घंटे के भीतर डिलीवरी की सुविधा
- रस्ट-फ्री बॉडी, फर्श पर नहीं छोड़ता दाग
- पारदर्शी डिजाइन, बाहर से दिखेगी बची हुई गैस
- वार्षिक रिफिल सीमा नहीं
- गृहिणियों, वरिष्ठ नागरिकों, बैचलर्स, हॉस्टल और छोटे कारोबारियों के लिए उपयोगी