{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दो विधायकों से जुड़े पेपर लीक मामलों में प्रभावी पैरवी की मांग, अमिताभ ठाकुर ने CM को लिखा पत्र

 

लखनऊ। आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर दो विधायकों से जुड़े पुराने पेपर लीक मामलों में प्रभावी, निष्पक्ष और समयबद्ध अभियोजन सुनिश्चित करने की मांग की है।

अमिताभ ठाकुर ने पत्र में कहा कि हाल के वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर देशभर में नाराजगी देखने को मिली है। केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से घोषित 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत वर्षों से लंबित पुराने मामलों का भी गंभीरता से निस्तारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने लखनऊ न्यायालय में विचाराधीन 2006 के रेलवे भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले का हवाला देते हुए कहा कि इस प्रकरण में सुभासपा विधायक बेदी राम, निषाद पार्टी विधायक विपुल दुबे समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अभियोजन लंबित है।



इसके अलावा उन्होंने बेदी राम से जुड़े प्रश्नपत्र लीक के अन्य मामलों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में भी न्यायिक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है।

अमिताभ ठाकुर ने राज्य सरकार से मांग की है कि इन मामलों की वरिष्ठ स्तर पर नियमित समीक्षा, सक्षम लोक अभियोजकों के माध्यम से प्रभावी पैरवी और लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि मामलों का निस्तारण बिना अनावश्यक देरी के कानून के अनुसार हो सके।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई से ही युवाओं के बीच निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था को लेकर भरोसा कायम किया जा सकता है।