{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में बोले डिप्टी CM- बख्शे नहीं जाएंगे कोडीन सिरप तस्करी के दोषी, बाबर के नाम पर एक ईंट...

 

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में कोडीन सिरप कांड को लेकर एसटीएफ की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के करीबी अमित सिंह टाटा की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई नए नाम सामने आने लगे हैं। इसी बीच शनिवार को वाराणसी पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस पूरे प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया दी और साफ कहा कि सरकार मामले को बेहद गंभीरता से देख रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


कांग्रेस पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर अनावश्यक जातीय राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह कानून-व्यवस्था और अंतर्राज्यीय तस्करी का मामला है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग देना गलत है। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष सिर्फ भ्रम फैलाने में लगे हैं, जबकि सरकार पूरी मजबूती से जांच आगे बढ़ा रही है।


SIR विरोध पर क्या कहा
एसआईआर के विरोध पर उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक दलों का अधिकार है कि वे इस पर चुनाव आयोग से शिकायत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर में समय बढ़ाने का निर्णय सरकार का विषय नहीं है, बल्कि चुनाव आयोग का अधिकार क्षेत्र है। मौर्य ने एसआईआर प्रक्रिया में सभी से सहयोग की अपील की।


2027 में यूपी में फिर से भाजपा

उपमुख्यमंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत पर कहा कि 2027 में यूपी में फिर से भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने बीएलओ की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बीएलओ को किसी भी परेशानी में अपने वरिष्ठ अधिकारियों से तुरंत संपर्क करना चाहिए।


वाराणसी में चल रही विकास परियोजनाओं का ज़िक्र करते हुए मौर्य ने कहा कि यूपी में विकास दर पिछले छह महीनों में 8 प्रतिशत से अधिक रही है। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के विपक्ष के शासन में प्रदेश कुशासन से जूझता रहा, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन और विकास का नया युग शुरू हुआ है।


अखिलेश बाबा विश्वनाथ के दर्शन करें
अखिलेश यादव के बयानों पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बाबा विश्वनाथ का दर्शन जरूर करना चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार के बाद अब बंगाल में भी भाजपा सरकार बनाने की तैयारी कर रही है।


बाबर के नाम पर एक ईंट भी नहीं रखने देंगे

बाबर के नाम पर मस्जिद निर्माण के सवाल पर मौर्य ने स्पष्ट कहा कि बाबर के नाम पर एक ईंट भी नहीं रखने देंगे। झारखंड और बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची शुद्धिकरण प्रक्रिया का समर्थन किया।

वहीं, कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले पर उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि कोई भी दोषी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है।