{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Dev Diwali 2025 : जानिए 3D शो और ग्रीन आतिशबाजी की टाइमिंग, गंगा महोत्सव में आने वाले हैं ये दिग्गज कालाकर

 
Dev Diwali 2025: आस्था, अध्यात्म और कला के अनोखे संगम की नगरी काशी एक बार फिर रोशनी और भक्ति से जगमगाने को तैयार है। प्रबोधिनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाला काशी गंगा महोत्सव 2025 इस बार और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। 1 नवंबर से 4 नवंबर तक राजघाट पर आयोजित होने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाएं भी मंच संभालेंगी। वहीं, 5 नवंबर को देव दीपावली पर गंगा तटों पर 10 लाख दीपों की रौशनी से पूरा बनारस दिव्यता से आलोकित होगा।

गंगा तट पर संस्कृति, संगीत और साधना का संगम

उत्तर वाहिनी मां गंगा के तट पर होने वाला काशी गंगा महोत्सव बनारस की आत्मा का उत्सव है। यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मार्गदर्शन में इस बार नए रंग-रूप में प्रस्तुत होगा। 1 नवंबर को महोत्सव का शुभारंभ राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल दीप प्रज्ज्वलन के साथ करेंगे।

चार दिनों तक संगीत की सुरमयी धारा

इस बार महोत्सव में शास्त्रीय, लोक, उपशास्त्रीय, नृत्य और वादन की सभी विधाओं को एक मंच पर लाया जाएगा। देश-विदेश के नामचीन कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी प्रमुखता दी गई है।

1 नवंबर की प्रमुख प्रस्तुतियां-

 
  • पं. माता प्रसाद मिश्र और पं. रवि शंकर मिश्र — कथक युगल नृत्य
  • कविता मोहंती — ओडिसी नृत्य
  • विदुषी कमला शंकर — स्लाइड गिटार
  • पं. नवल किशोर मल्लिक — शास्त्रीय गायन
  • रवि शर्मा एवं समूह — वृज लोक नृत्य

2 नवंबर की प्रमुख प्रस्तुतियां
 
  • डॉ ममता टंडन — कथक
  • पं. गणेश प्रसाद मिश्र — शास्त्रीय गायन
  • पद्मश्री गीता चंद्रन — भरतनाट्यम
  • प्रो. साहित्य नाहर एवं डॉ. संतोष नाहर — सितार-वायलिन जुगलबंदी

3 नवंबर की प्रमुख प्रस्तुतियां
 
  • पद्मश्री मालिनी अवस्थी — लोक गायन
  • माधुरी शाम्भवी — कथक
  • चेतन जोशी — बांसुरी वादन
  • कविता द्विवेदी — ओडिसी नृत्य

4 नवंबर की प्रमुख प्रस्तुतियां
 
  • डॉ प्रेम किशोर मिश्र एवं साथी — सितार-सरोद जुगलबंदी
  • आयुर्धा विपेन्द्र शर्मा — कथक
  • हंसराज रघुवंशी — भजन गायन

काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेता भी होंगे शामिल

वाराणसी में आयोजित काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेताओं को भी गंगा महोत्सव में मंच दिया गया है। उनके कार्यक्रम 1 से 4 नवंबर तक नमो घाट पर होंगे, जहां स्थानीय युवा कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 देव दीपावली 2025: 10 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी

5 नवंबर को जब गंगा तटों, घाटों, कुंडों और तालाबों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित होंगे, तो काशी एक स्वर्गिक दृश्य में बदल जाएगी। पर्यटन विभाग और महोत्सव समिति ने 10 लाख से अधिक मिट्टी के दीपों, तेल और बाती की व्यवस्था की है। दीप वितरण 31 अक्टूबर से राजघाट पर शुरू होगा।

3-D लेजर शो में दिखेगी ‘काशी-कथा’ की झलक

देव दीपावली की शाम को वाराणसी के घाटों पर 25 मिनट का 3-D प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित होगा। इसमें काशी के इतिहास, आस्था, भगवान शिव-पार्वती विवाह, तुलसीदास-कबीर की भक्ति परंपरा और महामना मदन मोहन मालवीय की शिक्षा यात्रा को दिखाया जाएगा। शो तीन चरणों में होगा - 8:15 बजे, 9:00 बजे और 9:35 बजे और यह नि:शुल्क रहेगा।

श्री काशी विश्वनाथ धाम पर होगी ग्रीन आतिशबाजी

देव दीपावली की रात गंगा द्वार के सामने 10 मिनट की पर्यावरण-अनुकूल (ग्रीन) आतिशबाजी से आकाश जगमगाएगा। शंखनाद, डमरू की गूंज और दीपों की पंक्तियों के बीच काशी का हर कोना अद्भुत आध्यात्मिकता से भर जाएगा।