फिल्म 'तेरे इश्क़ में' के प्रमोशन के लिए वाराणसी पहुंचे धनुष और कृति सेनन, गंगा आरती में हुए शामिल
वाराणसी। आनंद एल राय निर्देशित और भूषण कुमार द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘तेरे इश्क़ में’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दमदार ट्रेलर और ए.आर. रहमान के soulful म्यूज़िक ने रिलीज़ से पहले ही फिल्म को चर्चा में ला दिया है। यही वजह है कि फिल्म ने लॉन्च से पहले 24 घंटे के भीतर बुकिंग में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया है। फिल्म के रिलीज़ से पहले इसकी स्टार कास्ट धनुष और कृति सेनन, निर्देशक आनंद एल राय के साथ बुधवार को प्रमोशन के लिए वाराणसी पहुँची।
टीम के वाराणसी पहुंचते ही बड़ी संख्या में फैन्स और स्थानीय लोगों ने थिएटर में उनका स्वागत किया। यहाँ कलाकारों ने मीडिया और प्रशंसकों से मुलाकात की और फिल्म की कहानी, शूटिंग अनुभव और पर्दे के पीछे की दिलचस्प बातें साझा की। धनुष और कृति ने बताया कि यह फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन, दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती
थियेटर इवेंट के बाद टीम ने वाराणसी की आध्यात्मिक सुंदरता को नजदीक से महसूस किया। सबसे पहले तीनों काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। शाम को वे दशाश्वमेध घाट पहुँचे, जहाँ उन्होंने भव्य गंगा आरती में शामिल होकर अद्भुत आध्यात्मिक दृश्य का आनंद लिया। मौजूद फैन्स के लिए यह एक यादगार और बेहद खास पल बन गया।
28 नवंबर को बड़े पर्दे पर आएगी ‘तेरे इश्क़ में’
टी-सीरीज़ और कलर येलो प्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह फिल्म शंकर और मुक्ति की गहन प्रेम कहानी को जीवंत करेगी।
-
निर्देशक: आनंद एल राय
-
लेखक: हिमांशु शर्मा और नीरज यादव
-
म्यूज़िक: ए.आर. रहमान
-
गीत: इरशाद कामिल
-
मुख्य कलाकार: धनुष और कृति सेनन
‘तेरे इश्क़ में’ एक संगीतमय रोमांटिक फिल्म है, जो 28 नवंबर 2025 को हिन्दी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज़ होगी।
वाराणसी में मिले अपार प्यार और आध्यात्मिक अनुभव के बाद फिल्म की टीम ने दर्शकों से इसे थिएटर में देखने की अपील की। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह बहुप्रतीक्षित फिल्म रिलीज़ के बाद बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।