{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में धनुष-कृति सेनन ने किया फिल्म प्रमोशन, बोले – “यहां आकर महादेव को समर्पित हो गया”

 

वाराणसी। अपनी आगामी फिल्म के प्रमोशन के लिए बुधवार को काशी पहुंचे साउथ सुपरस्टार धनुष ने शहर की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि काशी आना अपने आप में सौभाग्य की बात है। वे बोले, “यहां आकर मैं जैसे महादेव को पूरी तरह समर्पित हो गया। बनारस अपने आप में संपूर्ण शहर है। पहले भी शूटिंग के लिए आया था, लेकिन इस बार लगा कि शहर सचमुच बदल चुका है। सब महादेव की कृपा से हो रहा है।” धनुष ने फिल्म के डायरेक्टर आनंद एल राय को भी धन्यवाद कहा कि उन्होंने उन्हें दोबारा काशी लाने का मौका दिया।

फिल्म की लीड एक्ट्रेस कृति सेनन पहली बार फिल्म के प्रमोशन के लिए काशी आईं। उन्होंने अफसोस जताया कि शूटिंग के दौरान यहां नहीं आ पाईं, लेकिन अब आकर बहुत अच्छा लग रहा है। कृति ने बताया, “9 साल पहले 2016 में एक ऐड फिल्म की शूटिंग के लिए आई थी। तब भी बनारस की गलियां और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा ने मुझे मोहित कर लिया था। 9 साल बाद भी काशीवासियों का प्यार और अपनापन वैसा ही है। यह शहर सचमुच आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है।”

फिल्म के डायरेक्टर आनंद एल राय ने कहा, “बनारस अपने आप में अनोखा शहर है। यहां मुझे हमेशा अपनापन महसूस होता है। पहले भी यहां कई फिल्मों की शूटिंग कर चुका हूं और काशीवासियों का भरपूर प्यार मिला है। उम्मीद है आगे भी मिलता रहेगा।”

बता दें कि आनंद एल राय के निर्देशन में बनी धनुष-कृति सेनन स्टारर यह फिल्म 28 नवंबर 2025 को विश्वभर के सिनेमा घरों में रिलीज होने जा रही है। काशी में फिल्म के प्रमोशनल इवेंट में भारी संख्या में प्रशंसक जुटे और तीनों सितारों का जोरदार स्वागत किया।