{"vars":{"id": "130921:5012"}}

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज वाराणसी में, बाबतपुर से रथयात्रा तक रहेगा खास कार्यक्रम

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रविवार को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे रथयात्रा में ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन करेंगे और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक से मुलाकात करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर भक्तों में उत्साह है।

 

वाराणसी: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर, रविवार को काशी के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर भक्तों और अनुयायियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 12 बजे के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से कुछ समय रुकने के बाद वाहन के माध्यम से सीधे रथयात्रा स्थित नरायन दास गोल्डेन डायमंड ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन करने जाएंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद वे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक पंडित श्रीकांत मिश्र के महमूरगंज स्थित आवास पर जाएंगे, जहां धार्मिक चर्चा और भेंट का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

सूत्रों के अनुसार, अपने प्रवास के दौरान धीरेंद्र शास्त्री महमूरगंज क्षेत्र में ही अपनी एक विदेशी शिष्या (ऑस्ट्रेलिया निवासी) से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा, लहुराबीर क्षेत्र में उनके एक शिष्य, जो एक प्रसिद्ध चाट प्रतिष्ठान संचालित करते हैं, के यहां भी जाने की संभावना जताई जा रही है।

इस दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी सतर्क है, जबकि भक्तों में उनके दर्शन को लेकर उत्साह बना हुआ है।