{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रनवे पर गड़बड़ी, लैंडिंग से ठीक पहले हवा में उठा इंडिगो विमान; 154 यात्रियों की जान बाल-बाल बची
 

 

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर मंगलवार दोपहर रनवे में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। रनवे पर मेंटेनेंस कार्य के दौरान रनवे स्ट्रिप विजुअल नहीं होने और कुछ हिस्सों में गिट्टी उभरी होने की सूचना के बाद एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को करीब डेढ़ से दो घंटे के लिए बंद करना पड़ा। इस दौरान कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ और कुछ विमानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 5025 लैंडिंग के लिए रनवे के करीब पहुंच चुकी थी। इसी दौरान पायलट ने रनवे की स्थिति को लेकर एटीसी को सूचना दी। रनवे की स्थिति लैंडिंग के लिए उपयुक्त नहीं होने के कारण विमान ने लैंडिंग नहीं की और टच एंड गो करते हुए दोबारा हवा में उठ गया। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान में करीब 154 यात्री सवार बताए गए हैं।

पायलट ने एटीसी को दी रनवे की जानकारी

बताया गया कि पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को रनवे स्ट्रिप विजुअल नहीं होने और रनवे पर गिट्टी उभरी होने की जानकारी दी। स्थिति को देखते हुए लैंडिंग को रोक दिया गया। इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने रनवे का निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत एवं सुधार का काम शुरू कराया।

रनवे को संचालन के लिए सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दोपहर करीब एक बजे कुछ समय के लिए विमान परिचालन रोक दिया गया। इस दौरान वाराणसी आने वाली कई उड़ानों को वैकल्पिक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।

अहमदाबाद और नवी मुंबई की उड़ानें डायवर्ट

अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी आने वाली अहमदाबाद और नवी मुंबई की कुछ उड़ानों को परिस्थितियों के अनुसार अयोध्या और लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया। वहीं गाजियाबाद से वाराणसी आने वाली एक उड़ान को रद्द करना पड़ा। वाराणसी से दिल्ली जाने वाली उड़ान भी काफी देर तक प्रभावित रही।

रनवे बंद रहने के कारण अन्य उड़ानों के शेड्यूल पर भी असर पड़ा। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों और उन्हें लेने-छोड़ने पहुंचे परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइंस के हेल्प डेस्क पर यात्रियों की भीड़ लगी रही और लोग अपनी उड़ानों के नए समय एवं स्थिति की जानकारी लेते नजर आए।

एयरपोर्ट निदेशक ने क्या कहा?

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे को मेंटेनेंस के लिए करीब डेढ़ से दो घंटे तक बंद किया गया था। इसका असर कुछ उड़ानों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि रनवे की स्थिति में सुधार के बाद विमान संचालन को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी उड़ान की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।

रनवे विस्तार के चलते रात की उड़ानें पहले से प्रभावित

वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार और संबंधित कार्यों के चलते पिछले करीब एक महीने से रात की उड़ानों का संचालन भी प्रभावित है। ऐसे में मंगलवार को रनवे में आई अतिरिक्त समस्या के कारण दिन के समय संचालित होने वाली कई उड़ानों पर भी असर पड़ा।