संत रविदास जयंती से पहले सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र के औचक निरीक्षण पर पहुंचे DM, परखी व्यवस्थाएं
वाराणसी। संत रविदास जयंती के मद्देनज़र जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सीर गोवर्धनपुर क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और न्यास पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रविदास मंदिर में मत्था टेका और मंदिर परिसर, लंगर हॉल, मेला क्षेत्र, दर्शनार्थियों के रात्रि विश्राम स्थल, पंडाल और मंच व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टेंट और अन्य सुविधाओं की भी जांच की। न्यास के चेयरमैन ने जिलाधिकारी को कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर की ओर से नियुक्त वॉलंटियर्स और नगर निगम के सफाईकर्मी आपसी समन्वय से काम करें, ताकि व्यवस्थाएं और बेहतर हो सकें।
भीड़ नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट रणनीति बनाकर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेक्टरवार तैनात अधिकारी पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए। फायर विभाग को भी मौके पर अपनी गाड़ियां और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने, लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने और क्षतिग्रस्त स्पीड ब्रेकर ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी के साथ शालीन व्यवहार किया जाए।
इसके अलावा वाहन पार्किंग की बेहतर व्यवस्था, यातायात विभाग के मजबूत समन्वय और जुलूस मार्ग पर लटके तारों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूस के आगे एक मोबाइल टीम जरूर तैनात रहे, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी आलोक वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह, अपर नगर आयुक्त सविता यादव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।