{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में निर्माणाधीन परियोजनाओं का DM ने किया निरीक्षण, 10 मार्च तक पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

 


वाराणसी। जिले में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जाल्हूपुर स्थित नवीन समेकित विद्यालय, पांडेयपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और बड़ा लालपुर स्थित राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) कैंपस का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों की प्रगति, तय समयसीमा और निर्माण गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सबसे पहले डीएम ने जाल्हूपुर में निर्माणाधीन नवीन समेकित विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्रावास से जुड़े कार्यों को अगले 15 दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे विद्यालय परिसर के सभी निर्माण कार्यों को हर हाल में 10 मार्च तक पूर्ण करने का आदेश दिया। विद्यालय तक आने-जाने वाले मार्ग को चौड़ा कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया, जबकि विद्यालय के सामने साफ-सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी गई।

इसके बाद जिलाधिकारी ने पांडेयपुर स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और बड़ा लालपुर में बन रहे निफ्ट कैंपस का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो।

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को चेताया कि जनहित से जुड़ी इन परियोजनाओं में देरी या गुणवत्ता में कमी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।