जनता दर्शन में DM ने सुनी लोगों की समस्याएं,अफसरों को चेताया- फरियादियों को बार-बार न लगाना पड़े चक्कर
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी मामले में गलत या भ्रामक रिपोर्ट लगाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनें। गंभीर मामलों में स्वयं मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करें।
सत्येंद्र कुमार ने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल का अवलोकन करें और लंबित मामलों में शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।