DM ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अफसरों को चेताया- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
वाराणसी। जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत और सांसद निधि से संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे होने चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धीमी परियोजनाओं पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने उन परियोजनाओं की विशेष समीक्षा की, जिनकी भौतिक प्रगति अपेक्षा से कम है या जो तय समय सीमा से पीछे चल रही हैं। उन्होंने स्वीकृत और अवमुक्त धनराशि के मुकाबले कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
CMIS पोर्टल पर नियमित अपडेट के निर्देश
सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति सीएमआईएस (CMIS) पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट की जाए, ताकि शासन स्तर पर सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध रहे।
बाधा आने पर तुरंत दें जानकारी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी परियोजना के निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य बाधा आती है तो इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ अलग से बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
खुद करें निर्माण कार्यों की निगरानी
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधकों और अधिकारियों से कहा कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी स्वयं करें। उन्होंने दोहराया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपी सिडको, यूपीपीसीएल, राज्य सेतु निगम, राजकीय निर्माण निगम, आवास विकास परिषद और नगर निगम सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधक और अधिकारी मौजूद रहे।