DM सत्येंद्र कुमार ने कसी अफसरों की लगाम, तय समयसीमा में जल योजनाएं पूरी करने के निर्देश
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), परियोजना प्रबंधक एलएंडटी, सहायक अभियंता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अलग-अलग स्तर पर लंबित पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए लक्ष्य निर्धारित किए। उन्होंने 90 से 99 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी 135 योजनाओं को सितंबर-अक्टूबर 2026 तक, 75 से 90 प्रतिशत प्रगति वाली 74 योजनाओं को दिसंबर 2026 तक और 50 से 75 प्रतिशत प्रगति वाली 64 योजनाओं को फरवरी 2027 तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित समयसीमा में योजनाओं को पूरा करने के लिए सितंबर 2026 तक आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की देरी न होने देने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
इसके साथ ही तहसील स्तर पर लंबित मामलों और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित एनओसी के प्रकरणों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि इन मामलों की साप्ताहिक समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से और मासिक समीक्षा भौतिक बैठक के जरिए की जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ जल्द मिल सके।