{"vars":{"id": "130921:5012"}}

DM सत्येंद्र कुमार का बड़ा एक्शन! अवैध शराब माफियाओं को दो टूक- अब नहीं होगी कोई रियायत

 

वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों को गंभीरता से लेने और प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वाणिज्य कर (व्यापार कर), आबकारी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन तथा खनन विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान डीएम ने अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित जांच अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने के लिए कहा।

सत्येंद्र कुमार ने राजस्व एवं प्रवर्तन से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रवर्तन दलों की सक्रियता बढ़ाई जाए और जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को विशेष रूप से निर्देश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और तस्करी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संवेदनशील और संदिग्ध क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए।

उन्होंने आबकारी विभाग को ईंट-भट्ठों, ढाबों, राजमार्गों और अन्य संभावित ठिकानों पर नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित और राजस्व सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।