सरकारी योजनाओं की धीमी रफ्तार पर DM सख्त, अफसरों को निर्देश- पात्रों को समय पर मिले सरकारी योजनाओं का लाभ
वाराणसी। जिले में बैंकिंग सेवाओं और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने बैंकवार और योजनावार प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के मौजूदा 58.88 प्रतिशत ऋण-जमानुपात को बढ़ाकर 80 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कम ऋण वितरण करने वाले बैंकों को अपनी प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं में ऋण वितरण बढ़ाने पर भी जोर दिया।
किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लाभ दिलाने के लिए डीएम ने ग्रामवार आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) को दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में KCC का कवरेज कम है और ज्यादा गैप है, वहां विशेष कैंप लगाकर किसानों के कार्ड बनाए जाएं। इसके लिए कृषि विभाग और एलडीएम को आपसी समन्वय से जरूरी आंकड़े जुटाने को कहा गया।
बैठक में स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं के खातों की ई-केवाईसी कराने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार कैंप लगाकर ई-केवाईसी का काम पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (R-SETI) के निदेशक को स्वरोजगार और प्रशिक्षण से जुड़ा एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा।
समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूह, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) समेत कई सरकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाए और स्वीकृत आवेदनों का निस्तारण बिना अनावश्यक देरी के किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार, उद्यमिता और वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाएं जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारी और बैंक आपसी समन्वय से काम करें और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक और संबंधित शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।