{"vars":{"id": "130921:5012"}}

असि पार्किंग, लॉजिस्टिक्स पार्क और एलिवेटेड कॉरिडोर पर DM सख्त, NOC में देरी पर जताई नाराजगी
 

 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति और जिला आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, पौधारोपण और आर्द्रभूमि संरक्षण से जुड़े कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने असि घाट पर प्रस्तावित मैकेनाइज्ड पार्किंग, प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क तथा गंगा और वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं के संबंध में अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से संबंधित NOC समय से जारी किए जाएं। इस कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जिला आर्द्रभूमि समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने चयनित तालाबों को अधिसूचित करने तथा उनके संरक्षण और प्रबंधन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों को सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि इन प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने को कहा। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, घरेलू खतरनाक अपशिष्ट तथा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन की व्यवस्था निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।