{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सावन के दूसरे सोमवार पर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे DM, परखी सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक

 

वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए दर्शन-पूजन, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और आवागमन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया और व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूछा कि दर्शन के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है और पेयजल, साफ-सफाई तथा आवागमन की व्यवस्थाएं कैसी हैं।

CCTV से परखी श्रद्धालुओं की सुरक्षा

जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम पहुंचकर CCTV कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। भीड़ की स्थिति, प्रमुख मार्गों और मंदिर परिसर के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावन के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था लगातार बेहतर रखी जाए। श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के साथ भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम प्रभावी रूप से सुनिश्चित किए जाएं।

श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता

डीएम सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को सावन के दूसरे सोमवार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।