{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लड़की को कुछ मत कहना...BHU हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत, कमरे से मिला तीन पेज का सुसाइड नोट

 

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) स्थित सुश्रुत छात्रावास में एक 26 वर्षीय एमबीबीएस छात्र मृत पाया गया। घटना रविवार रात लंका थाना क्षेत्र की है। पुलिस को कमरे से तीन पेज का एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी ऋत्विव कुंडू के रूप में हुई है। वह विश्वविद्यालय के चिकित्सा संकाय से जुड़े थे और सुश्रुत छात्रावास की छठी मंजिल पर रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात तक जब ऋत्विव अपने साथियों के फोन का जवाब नहीं दे रहे थे, तो साथी छात्र उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर विश्वविद्यालय के प्राक्टोरियल बोर्ड और पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खुलने पर छात्र कमरे के अंदर अचेत अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके से कुछ चिकित्सकीय सामग्री और दवाएं बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में अधिक मात्रा में दवा लेने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को तीन पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस के अनुसार, नोट में छात्र ने अपने माता-पिता और परिवार के प्रति भावनाएं व्यक्त की हैं तथा किसी अन्य व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार न ठहराने की बात लिखी है। पुलिस नोट की सत्यता और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

लंका थाना प्रभारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। साथ ही छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.